छत्तीसगढ़

किसान वृक्ष मित्र योजना से हरित क्रांति

मुंगेली, 26 दिसम्बर 2025/sns/- मुंगेली वनमंडल अंतर्गत संचालित किसान वृक्ष मित्र योजना पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ किसानों की आर्थिक उन्नति का सशक्त माध्यम बनकर उभरी है। योजना के तहत अब तक कुल 98 हजार 800 से अधिक पौधों का रोपण किया गया है, जिससे 93 किसान प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हुए हैं। वनमंडलाधिकारी कार्यालय, मुंगेली द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस योजना से किसानों की आय में वृद्धि हुई है, वहीं पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण योगदान मिला है। बड़े पैमाने पर पौधारोपण से ग्लोबल वार्मिंग के प्रभाव को कम करने, बढ़ते तापमान पर नियंत्रण, वर्षा में सहायक भूमिका तथा मिट्टी के कटाव को रोकने में मदद मिल रही है।
इसके अतिरिक्त पौधारोपण से बाढ़ और सूखे जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बचाव, भू-जल स्तर में गिरावट को रोकने तथा वायु प्रदूषण में कमी लाने में भी सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। जल स्तर को संतुलित रखने में यह योजना विशेष रूप से उपयोगी सिद्ध हो रही है। किसान वृक्ष मित्र योजना के माध्यम से प्राकृतिक वनों पर जैविक दबाव भी कम हुआ है, जिससे वनों के संरक्षण को मजबूती मिली है। पर्यावरण संरक्षण और किसान कल्याण को एक साथ साधने वाली यह योजना जिले के लिए एक अनुकरणीय पहल बन गई है। आने वाले समय में इस योजना का और विस्तार कर अधिक किसानों को जोड़ा जाएगा, ताकि हरित आवरण बढ़े और पर्यावरण के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *