छत्तीसगढ़

PMMVY हितग्राहियों से ठगी की कोशिश विभाग ने जारी की चेतावनी


बीजापुर, 26 दिसंबर 2025/sns/- प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना  PMMVY के हितग्राहियों को ठगी से बचाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग ने सतर्कता सूचना जारी की है। विभाग के अनुसार हाल के दिनों में कुछ अज्ञात व्यक्ति स्वयं को महिला एवं बाल विकास विभाग, संचालनालय रायपुर का अधिकारी बताकर लाभार्थियों को फोन कॉल कर रहे हैं।
कॉल करने वाले कथित ठग हितग्राहियों का नाम, आंगनबाड़ी केंद्र का नाम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का नाम और बच्चे के टीकाकरण जैसी जानकारियां बताकर भरोसा जीतने की कोशिश कर रहे हैं। इसके बाद योजना की राशि जारी कराने या प्रक्रिया पूर्ण करने के नाम पर धन ट्रांसफर करने का दबाव बनाया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि  PMMVY  के अंतर्गत कभी भी फोन पर पैसे जमा करने या ट्रांसफर करने के लिए नहीं कहा जाता। साथ ही हितग्राहियों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश पर विश्वास न करें और अपनी व्यक्तिगत, बैंक या आधार संबंधी जानकारी किसी को भी फोन पर साझा न करें।
यदि इस प्रकार की कोई कॉल प्राप्त होती है, तो हितग्राही तुरंत अपने संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सुपरवाइज़र, परियोजना कार्यालय या जिला कार्यालय को सूचना दें। आवश्यकता पड़ने पर साइबर सेल या पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की भी सलाह दी गई है। विभाग ने कहा कि यह सूचना हितग्राहियों को जागरूक करने और उन्हें धोखाधड़ी से बचाने के उद्देश्य से जारी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *