बलौदाबाजार-भाटापारा, 03 दिसंबर 2025/sns/-जिले के ग्राम भरसेली के कृषक देवनाथ वैष्णव ने उपार्जन केंद्र भरसेली में 153 कट्टा धान विक्रय कर खरीदी प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। उनके पास कुल पौने तीन एकड़ कृषि भूमि है, जिसमें वे पारंपरिक पद्धति के साथ आधुनिक कृषि तकनीकों का उपयोग करते हुए खेती करते हैं।
धान खरीदी के लिए उन्होंने ऑनलाइन मोबाइल टोकन का उपयोग किया, जिससे उन्हें केंद्र में सहज, निर्धारित समय पर वजन कराने में सुविधा मिली। उन्होंने बताया कि डिजिटल टोकन व्यवस्था से किसानों का समय बच रहा है और खरीदी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी व सरल हुई है।
धान विक्रय के उपरांत प्राप्त राशि के संबंध में किसान वैष्णव ने बताया कि वे इस धनराशि का उपयोग अपने खेत के संरक्षण, सुदृढ़ीकरण एवं व्यवस्थित खेत निर्माण में करेंगे, जिससे आगामी वर्ष में उत्पादन क्षमता बढ़ाई जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों के लिए संचालित योजनाएँ तथा उपार्जन व्यवस्था कृषि क्षेत्र को मजबूत बना रही हैं।
उन्होंने उपार्जन केंद्र में किसानों के लिए उपलब्ध छाया, पानी, बैठने की व्यवस्था, त्वरित तुलाई और कर्मचारियों के सहयोगपूर्ण व्यवहार की प्रशंसा करते हुए कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए प्रशासन द्वारा किए गए प्रयास उल्लेखनीय हैं।
किसान देवनाथ वैष्णव ने अंत में शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पारदर्शी धान खरीदी प्रणाली, सुगम प्रबंधन और किसान हितैषी व्यवस्था के कारण किसानों का विश्वास और उत्साह बढ़ा है।



