छत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से जनसामान्य के घर आंगन में बिखरी रौशनी


राजनांदगांव, 22 दिसम्बर 2025/sns/- प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से जनसामान्य के घर आंगन में रौशनी बिखरी है। शासन की यह महती योजना प्राकृतिक ऊर्जा को प्रोत्साहित करती है तथा जनमानस के लिए किफायती एवं फायदेमंद है। लाल बहादुर वितरण केन्द्र अंतर्गत आने वाले ग्राम रामाटोला निवासी श्री हरीश वर्मा ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट स्थापित किया है। श्री हरीश वर्मा ने बताया कि सोलर प्लांट लगने से पहले उनका बिजली बिल 2500 से 3000 रूपए प्रति माह आता था, लेकिन सोलर प्लांट स्थापित होने के बाद अब उनका बिजली बिल शून्य हो गया है, बल्कि कई बार नेगेटिव बिल भी आ रहा है। उन्होंने बताया कि नवम्बर माह में 454 रूपए का सोलर रिबेट प्राप्त हुआ, जबकि उसी माह उनका बिजली बिल -137 रूपए आया। नेगेटिव बिलिंग की स्थिति में अतिरिक्त यूनिट उपभोक्ता के खाते में जोड़ दी जाती है। जिसका समायोजन किया जाता है एवं वर्ष के अंत में उन अतिरिक्त यूनिट के बदले उपभोक्ता को नियमानुसार राशि वापस की जाती है। श्री हरीश वर्मा ने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा प्रदत्त 78000 रूपए की सब्सिडी मात्र 15 दिनों के भीतर उनके खाते में प्राप्त हो गई। वहीं छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा दी जाने वाली 30000 रूपए की सब्सिडी भी 27 दिनों के भीतर प्राप्त हो गई। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना न केवल उपभोक्ताओं को बिजली बिल से राहत प्रदान कर रही है, बल्कि स्वच्छ, हरित एवं आत्मनिर्भर ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रभावी पहल है। ग्राम रामाटोला में श्री हरीश वर्मा का यह उदाहरण जिले के अन्य नागरिकों के लिए प्रेरणास्रोत बन रहा है, जिससे अधिक से अधिक लोग इस योजना से जुड़कर लाभान्वित हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *