छत्तीसगढ़

जिला चिकित्सालय बीजापुर में ओपीडी लैब जाँच सेवाएँ पूर्णत बहाल 75 से अधिक परीक्षण उपलब्ध

बीजापुर, 13 दिसंबर 2025/sns/-जिला चिकित्सालय बीजापुर में पिछले कुछ दिनों से लैब रिएजेंट की कमी और तकनीकी कारणों के चलते प्रभावित हुई ओपीडी लैब जाँच सेवाएँ अब पूर्णतः बहाल हो गई हैं। सुधार कार्यों के दौरान भी आईपीडी और आपात सेवाएँ पूर्ववत संचालित रहीं।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार आवश्यक रिएजेंट की उपलब्धता सुनिश्चित करने, तकनीकी दिक्कतों के समाधान, रख-रखाव एवं गुणवत्ता परीक्षण का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके फलस्वरूप अब सभी विभाग, बायोकेमिस्ट्री, हिमेटोलॉजी और माइक्रोबायोलॉजी की जाँचें पूरी क्षमता के साथ पुनः प्रारंभ हो गई हैं।

जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में यह कार्य तेजी से पूरा किया गया। इसमें कलेक्टर श्री संबित मिश्रा तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता चौबे के समन्वित प्रयास प्रमुख रहे। अस्पताल की नैदानिक प्रयोगशाला में फिलहाल 75 से अधिक प्रकार की जाँचें उपलब्ध हैं, जिन्हें मरीजों को पूर्णतः निःशुल्क प्रदान किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन ने कहा कि सभी जाँचें निर्धारित गुणवत्ता मानकों एवं बायोसेफ्टी प्रोटोकॉल के अनुरूप की जा रही हैं।

अस्पताल प्रबंधन ने नागरिकों को आश्वस्त किया है कि ओपीडी, आईपीडी और आपात सेवाएँ नियमित रूप से सामान्य गति से संचालित हो रही हैं तथा मरीज पूर्ववत सभी लैब सेवाओं का लाभ बिना किसी शुल्क के ले सकते हैं। उक्त जानकारी जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ रत्ना ठाकुर ने दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *