बीजापुर, 13 दिसंबर 2025/sns/- नई चेतना 4.0 जेंडर कैंपेन थीम पर आधारित रेडियो कार्यक्रम “दीदी के गोठ” के विशेष एपिसोड-05 का सीधा प्रसारण जिला पंचायत के सभा कक्ष से किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं की संघर्ष से सफलता तक की प्रेरणादायक कहानियों को प्रस्तुत किया गया, जिसमें महिला समूहों के कार्य, आत्मनिर्भरता, आजीविका संवर्धन और जेंडर समानता पर विशेष चर्चा हुई। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे सहित एपीओ मनरेगा, डीपीआरसी के टीम एवं जिला पंचायत के समस्त स्टाफ तथा विभिन्न महिला स्वसहायता समूहों की दीदियां उपस्थित रहीं। सीधे प्रसारण के दौरान अधिकारियों ने नई चेतना अभियान के उद्देश्य महिलाओं में जागरूकता, समान अधिकार, क्षमता विकास और आत्मनिर्भरता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं को नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करते हैं। अंत में कार्यक्रम से जुड़ी दीदियों ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि समूह से जुड़ने के बाद उनके जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तन समाज में नए उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।


