छत्तीसगढ़

नियद नेल्लानार योजना

सुकमा, 08 दिसम्बर 2025/sns/-जिले के दूरस्थ एवं संवेदनशील कोंटा विकासखंड में कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव की अभिनव पहल श्नियद नेल्लानार योजनाश् के तहत आयोजित विशेष सुविधा शिविर ने रायगुड़ा के वनांचल ग्रामीणों के लिए एक बड़ी उम्मीद बनकर उभरा है। रायगुड़ा में लगातार 4 दिन तक चला यह शिविर शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें मोरपल्ली, बुरकापाल और सुरपनगुड़ा पंचायत के हज़ारों ग्रामीण शामिल हुए।
त्वरित समाधान, तत्काल लाभरू 2331 आवेदन प्राप्त
जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे ग्रामीणों तक पहुँचाना है, जिससे वनांचल में रहने वाले सैकड़ों परिवारों को घर-द्वार पर ही त्वरित लाभ उपलब्ध हो सके। रायगुड़ा कैम्प में आयोजित सुविधा शिविर में कुल 2,331 ग्रामीणों ने सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन किया। शिविर में बीसी सखी के माध्यम से महतारी वंदन योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को 56,000 रुपये की राशि तत्काल निकालकर प्रदान की गई।
उच्चाधिकारियों की सक्रिय निगरानी से बढ़ा विश्वास
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित इन शिविरों के सुचारु संचालन के लिए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी स्वयं मैदान में डटे रहे। एसडीएम कोंटा श्री सुभाष शुक्ला, सीईओ जनपद पंचायत कोंटा श्री सुमित कुमार ध्रुव और डिप्टी कलेक्टर श्री शबाब खान ने न केवल ग्रामीणों की समस्याएँ सुनीं, बल्कि अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रायगुड़ा कैम्प में रात्रि विश्राम भी किया। जनभावनाओं के अनुरूप उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन में सभी प्राप्त आवेदनों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया गया।
एक ही छत के नीचे सभी शासकीय सेवाएँ
श्नियद नेल्लानारश् शिविर ग्रामीणों के लिए सरकारी सुविधाओं का हब साबित हुआ। एक ही स्थान पर सभी शासकीय सेवाएँ उपलब्ध होने से ग्रामीणों को लंबी दूरी तय करने की समस्या से राहत मिली। प्रशासन की यह संवेदनशील और सुदृढ़ पहल वनांचलों में विकास की नई रोशनी लेकर आई है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों का शासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *