रायगढ़, 5 दिसम्बर 2025/sns/- कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी की अध्यक्षता में 7 दिसम्बर को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सशस्त्र सेना झण्डा दिवस का आयोजन किया जाएगा। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी के सेवानिवृत्त कमाण्डर हरीशचन्द्र तिवारी ने रायगढ़ एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों तथा आम लोगों को इस अवसर पर उपस्थित होने हेतु आग्रह किया है।
बता दें कि सशस्त्र सेना झण्डा दिवस प्रति वर्ष 7 दिसम्बर को भारतीय सशस्त्र सेनाओं (थल सेना, वायु सेना, नौसेना) जो जवान सरहद व दूर-दराज क्षेत्रों में मातृ-भूमि की रक्षा करते हुए शहीद हो गए है, उनके पुण्य स्मरण करने एवं उनके सम्मान में मनाया जाता है। सशस्त्र सेना झण्डा दिवस हमारे लिए सेवारत सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारजनों के प्रति आदर व्यक्त करने के लिए एक अवसर है। सशस्त्र सेना झण्डा दिवस के अवसर पर टोकन झण्डा ध्वज का वितरण कर दान राशि एकत्रित की जाती है, जिसका उपयोग वीर शहीदों, पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवार व आश्रितों के कल्याणार्थ योजनाओं में उपयोग किया जाता है। इस अवसर पर अधिक से अधिक अंशदान देकर अपने वीर सपूतों के प्रति अपना स्नेह एवं सम्मान व्यक्त करें। सशस्त्र सेना जो देश की सीमाओं की रक्षा, आतंकवाद का सामना एवं प्राकृतिक आपदाओं में अपने वीरता, समर्पण एवं सेवाभाव से दिन-रात कार्य करती है, उसके प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करें।

