छत्तीसगढ़

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान बीएलओ लक्ष्मीन चौबे एवं द्विजेन्द्र सिंह ठाकुर ने समय-सीमा में पूरा किया शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन

मुंगेली, 01 दिसम्बर 2025/sns/- कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से संचालित किया जा रहा है। निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप जिले के बीएलओ एवं अभिहित अधिकारी मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य को पूरी प्रतिबद्धता के साथ संपादित कर रहे हैं। अभियान के दौरान लोरमी के ग्राम राजपुर की बीएलओ लक्ष्मीन बाई चौबे तथा अभिहित अधिकारी श्री महेश ध्रुव ने सौंपे गए कार्य को शत-प्रतिशत पूरा किया। कलेक्टर ने दोनों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
बीएलओ श्रीमती चौबे ने बताया कि जिम्मेदारी, सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने से डिजिटाइजेशन कार्य समय-सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया जा सका। इसी प्रकार डोड़ा क्षेत्र में बीएलओ श्री द्विजेन्द्र सिंह ठाकुर तथा अभिहित अधिकारी श्री भूपेंद्र कुमार धीरे ने भी अपने क्षेत्र में मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण किया। निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए कलेक्टर द्वारा उन्हें भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। बीएलओ श्री ठाकुर ने बताया कि टीमवर्क और निरंतर फील्ड निगरानी के कारण कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं समय पर पूरा किया गया है। उन्होंने कलेक्टर द्वारा सम्मानित किए जाने पर आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *