सुकमा, 01 दिसंबर 2025/sns/-कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन एवं जिला पंचायत सुकमा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में पुनर्वास केंद्र सुकमा में सोमवार को आत्मसमर्पित नक्सल परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के उद्देश्य से विशेष सेचुरेशन शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर ने इन परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने की नई दिशा प्रदान की गई। शिविर के दौरान विशेष परियोजना के अंतर्गत 28 आत्मसमर्पित नक्सल परिवारों का डाटा संकलित किया गया, ताकि लक्ष्य पूर होने पर उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजनादृ ग्रामीण का लाभ उपलब्ध कराया जा सके। यह पहल इन परिवारों को सुरक्षित, स्थायी एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
महिला सशक्तीकरण पर विशेष ध्यान देते हुए 33 महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़ने हेतु प्रेरित किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि समूहों से जुड़कर महिलाएं बैंक एवं ग्राम संगठन से ऋण प्राप्त कर विभिन्न आजीविका गतिविधियों सूक्ष्म उद्यम, हस्तशिल्प, लघु व्यवसाय आदि से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
इसी क्रम में मनरेगा योजना के तहत 13 परिवारों का जॉब कार्ड निर्माण हेतु आवेदन लिया गया। प्रतिभागियों को मनरेगा के अंतर्गत उपलब्ध विभिन्न कार्यों डबरी निर्माण, कुआं निर्माण, मुर्गी, बकरी एवं पशु शेड निर्माणऔर 100 दिवस के रोजगार संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

