छत्तीसगढ़

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 सुव्यवस्थित धान खरीदी ने बढ़ाया किसानों का विश्वास

मुंगेली, 27 नवंबर 2025/sns/- शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिले में धान खरीदी कार्य पारदर्शी, व्यवस्थित और किसान-हितैषी ढंग से निरंतर जारी है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले के 66 प्राथमिक समितियों के 105 उपार्जन केंद्रों में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है। खरीदी केंद्रों में की गई सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं से किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही है, जिससे उनका प्रशासन पर भरोसा और अधिक मजबूत हुआ है।
इसी क्रम में मुंगेली विकासखण्ड के ग्राम पीथमपुर के किसान श्री सत्यनारायण ने समिति धरमपुरा में 44 क्विंटल धान विक्रय किया। उन्होंने खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए बताया कि टोकन प्रक्रिया पूरी तरह सरल, पारदर्शी और समयबद्ध है, जिससे उन्हें कतार में लगने या प्रतीक्षा करने जैसी किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने कहा कि केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक तौल प्रणाली के कारण तौल सटीक और निष्पक्ष होती है। साथ ही, सरकार द्वारा उपलब्ध छाया, पेयजल एवं बैठने जैसी सुविधाओं ने खरीदी प्रक्रिया को और भी सहज बना दिया है। किसान सत्यनारायण ने बताया कि केंद्र की बेहतर व्यवस्थाओं के चलते पूरा धान विक्रय बिना किसी बाधा के पूर्ण हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सहित शासन-प्रशासन को किसानों के हित में इस मजबूत और पारदर्शी खरीदी व्यवस्था के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *