छत्तीसगढ़

गहन पुनरीक्षण अभियान मुंगेली जिले की बड़ी उपलब्धि कलेक्टर ने शत-प्रतिशत करने वाले 26 बीएलओ एवं अभिहित अधिकारियों को किया सम्मानित

मुंगेली, 27 नवंबर 2025/sns/- विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन कार्य में मुंगेली जिला ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अभियान अंतर्गत चल रहे गणना प्रपत्र के डिजिटाइजेशन कार्य मुंगेली जिला राज्य में प्रथम स्थान पर है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुन्दन कुमार द्वारा डिजिटाइजेशन में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने वाले 26 बीएलओ एवं अभिहित अधिकारियों को जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में प्रशस्ति पत्र, शाल एवं श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान समारोह में जिला निर्वाचन अधिकारी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ से उनकी कार्ययोजना, रणनीति एवं क्षेत्रीय अनुभव के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की रीढ़ है, और डिजिटाइजेशन के माध्यम से मतदाता सूची की विश्वसनीयता को और अधिक मजबूत किया गया है।
कार्यक्रम में उपस्थित बीएलओ एवं अभिहित अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए। राजपुर की बीएलओ लक्ष्मी चौबे ने बताया कि टीमवर्क और निरंतर प्रयासों से डिजिटलाइजेशन का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सका। रोजगार सहायक एवं पंचायत सचिव का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। नवागांव जैत के बीएलओ ने कहा कि गांव के अलग-अलग वार्डों में नियमित कैंप लगाए गए। फोटो संबंधी समस्याओं को दूर करने के लिए मौके पर ही फोटो लेकर अपडेट किया गया, जिससे कार्य सरल हो गया और लक्ष्य समय से पूरा हुआ। इसी तरह अन्य बीएलओ ने भी अपने कार्य अनुभव साझा किए।
कलेक्टर श्री कुमार ने कहा कि जिले में चल रहे गहन पुनरीक्षण कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित रूप से पूरा करने के लिए निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। जिन क्षेत्रों में कार्य की प्रगति संतोषजनक रही है, वहां की टीमों को आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ काम करने हेतु प्रेरित किया गया है। कलेक्टर ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले सभी बीएलओ अभिहित अधिकारी एवं टीम को बधाई एवं शुभकामना देते हुए कहा कि आप सभी ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए जिले सहित प्रदेश का मान बढ़ाया है। आप लोगों की सराहनीय प्रयास से ही मुंगेली जिला मतदाता गहन पुनरीक्षण कार्य में शीर्ष स्थान पर पहुंचा है। इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मायानंद चंद्रा एवं श्रीमती सारिका मित्तल सहित बीएलओ और अभिहित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *