अम्बिकापुर 26 नवम्बर 2025/sns/- कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विलास भोसकर ने आज शहर के विभिन्न वार्डों में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR 2026) के तहत चल रहे कार्यों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। उनके साथ अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सुनील नायक भी मौजूद रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी अग्रसेन वार्ड, महमायापारा वार्ड, अब्दुल शहीद हमीद वार्ड, मायापुर वार्ड, चांदनी चौक वार्ड एवं ठनगनपारा वार्ड का भ्रमण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री भोसकर ने बीएलओ द्वारा किए जा रहे घर-घर सर्वे, गणना पत्रक फॉर्म के वितरण, संकलन तथा रिकॉर्ड के डिजिटाइजेशन की जानकारी ली। उन्होंने फॉर्मों के जमा कर डिजिटल प्रविष्टि में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित समय-सीमा में कार्यों का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करें।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहरी क्षेत्रों में मुनादी कराके अधिक से अधिक नागरिकों को SIR प्रक्रिया से जुड़ने हेतु प्रेरित किया जाए। साथ ही कम प्रगति वाले वार्डों में विशेष ध्यान देते हुए कार्य में गति लाएं।
उन्होंने मैदानी अमले को समझाइश दी कि यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए प्रत्येक चरण को गंभीरता, पारदर्शिता और समन्वय के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने संबंधित बीएलओ को नागरिक सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पुनरीक्षण कार्यों को गति देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम कमिश्नर श्री डी.एन. कश्यप, अम्बिकापुर एसडीएम श्री फागेश सिन्हा, तहसीलदार श्री उमेश बाज सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


