छत्तीसगढ़

मतदाता सूची शुद्धिकरण में सभी जनप्रतिनिधियों का सहयोग आवश्यक कलेक्टर

मुंगेली, 25 नवंबर 2025/sns/- कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुन्दन कुमार ने आज नगरपालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षदों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के संबंध में चर्चा की और आगे की कार्ययोजना के बारे में बताया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने एवं सूची अद्यतन करने के लिए प्रेरित करें। कलेक्टर ने कहा कि गणना प्रपत्र भरवाने का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक मतदाता का नाम केवल एक ही स्थान पर सुरक्षित रहे। इससे मतदाता सूची अधिक शुद्ध एवं सुव्यवस्थित बनेगी।
कलेक्टर ने बताया कि डोर-टू-डोर जाकर पात्र नागरिकों को नाम जुड़वाने हेतु जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि वे अपने वार्ड के मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरवाने में सक्रिय सहयोग सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाता है और इससे वोट शुद्धिकरण सुनिश्चित होता है। अंत में उन्होंने सभी नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों से एस. आई.आर. अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की, ताकि जिले के प्रत्येक पात्र मतदाताओं को लोकतांत्रिक अधिकार का लाभ मिल सके। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, नगर पालिका अध्यक्ष श्री रोहित शुक्ला, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री होरी सिंह और पार्षदगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *