मुंगेली, 25 नवंबर 2025/sns/-निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची शुद्धिकरण एवं विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य तेजी से जारी है। इसी क्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुन्दन कुमार ने आज अपने कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर गणना प्रपत्र भरकर डिजिटाइजेशन के लिए उपलब्ध कराया। उन्होंने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे अपने क्षेत्र के बीएलओ के माध्यम से गणना प्रपत्र अवश्य भरें, ताकि मतदाता सूची में सही-सही नाम का समावेश सुनिश्चित किया जा सके।
कलेक्टर श्री कुमार ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 22 साल बाद हो रहा यह विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य मतदाता सूची को शुद्ध करने के साथ-साथ उसे अद्यतन करेगा। यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं आम जन की भागीदारी को और मजबूत बनाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गणना प्रपत्र भरने का उद्देश्य एक ही व्यक्ति का नाम दो स्थानों पर दर्ज होने से रोकना है, साथ ही नए मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से जोड़कर उन्हें देश के लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर देना है। कलेक्टर श्री कुमार ने बताया कि जिले के मतदाता अधिक जानकारी के लिए अपने क्षेत्र के बीएलओ, निकटतम निर्वाचन कार्यालय एवं जिला कलेक्टोरेट परिसर में स्थापित हेल्पडेस्क के सम्पर्क नम्बर 9406275535 पर सम्पर्क कर सकते हैं।


