छत्तीसगढ़

गहन पुनरीक्षण अभियान: कलेक्टर ने बीएलओ ओंकारेश्वरी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर किया सम्मानित

मुंगेली, 25 नवंबर 2025/sns/- निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से क्रियान्वित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य लोकतंत्र की बुनियाद को और मजबूत करना तथा मतदाता सूची का शुद्धिकरण कर सूची को अद्यतन करना है, ताकि निर्वाचक नामावली में किसी योग्य व्यक्ति का नाम न छूटे तथा किसी अयोग्य व्यक्ति का नाम न जुडे़। आयोग द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले के सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
कलेक्टर ने आज ग्राम खपरी की बीएलओ श्रीमती ओंकारेश्वरी जोशी जांगड़े को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान अंतर्गत मतदाताओं को गणना प्रपत्र प्रदान करने एवं प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन में उत्कृष्ट कार्य करने पर प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बीएलओ श्रीमती जांगड़े ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में जिस स्तर की सावधानी, जिम्मेदारी और समर्पण की आवश्यकता होती है, उसे अपने क्षेत्र में उत्कृष्टता के साथ पूर्ण किया है, जो प्रशंसनीय और उल्लेखनीय है। श्रीमती जोशी ने घर-घर जाकर गणना पत्रक का वितरण किया, नागरिकों को आवश्यक जानकारी दी तथा जिन मतदाताओं ने ऑफलाइन या ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत किए, उनकी सभी प्रविष्टियों को समयबद्ध रूप से बीएलओ एप में दर्ज किया।
मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान उन्होंने आवश्यकतानुसार ग़ैर-हाज़िर, पुनरावृत्त, मृत तथा स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं का सत्यापन कर उनकी प्रविष्टियों को नियमानुसार अद्यतन किया। प्रत्येक मतदाता से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर दस्तावेज़ लेना और जानकारी की पुष्टि करना उनके कार्य की प्रमुख विशेषता बनी। विशेष रूप से श्रेणी बी और सी में आने वाली बहू-बेटियों से उन्होंने स्वयं भेंट की, आवश्यक दस्तावेज़ लिए तथा बीएलओ एप के माध्यम से उनके ऑनलाइन फ़ॉर्म भरकर उन्हें मतदाता सूची में सम्मिलित किया। अनेक मतदाता खेती-किसानी या रोज़गार के कारण घर पर उपलब्ध नहीं होते थे, जिसके लिए उन्हें एक ही परिवार तक 2-3 बार तक जाना पड़ा। फिर भी उन्होंने धैर्य, सतर्कता और निरंतरता के साथ सभी सूचनाएँ एकत्र कर कार्य को सुचारू रूप से आगे बढ़ाया। श्रीमती ओंकारेश्वरी जोशी का यह उत्कृष्ट कार्य विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करता है। उन्होंने यह सिद्ध किया है कि एक संवेदनशील एवं जिम्मेदार बीएलओ अपने क्षेत्र में मतदाता सूची अद्यतन कार्य को पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता और दक्षता के साथ सफलतापूर्वक पूर्ण कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *