मुंगेली, 19 नवंबर 2025/sns/- प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने तमिलनाडू के कोयम्बटूर में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजनांतर्गत 21वीं किस्त की राशि जारी किया। योजना के तहत डीबीटी के माध्यम से जिले के 86 हजार से अधिक किसानों के खाते में 17.22 करोड़ रूपए की राशि अंतरित की गई। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र के सभागार में वेब पोर्टल के माध्यम से प्रधानमंत्री के संबोधन और किस्त हस्तांतरण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्री दिनेश्वर राज साहू, स्थायी समिति जनपद पंचायत मुंगेली के श्री नान्हे लाल वर्मा, उप संचालक कृषि श्रीमती वीणा ठाकुर सहित संबंधित अधिकारी तथा किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उप संचालक कृषि ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों की आय सुरक्षा और उनकी कृषि आवश्यकताओं की पूर्ति के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण योजना है, जिससे कृषक वर्ग को नियमित आर्थिक सहायता प्राप्त हो रही है। कार्यक्रम में डीडीए, एसडीओ कृषि, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, बीटीएम, एटीएम, उद्यान विभाग के अधिकारी व कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक भी उपस्थित रहे। उन्होने बताया कि भारत सरकार द्वारा वर्ष 2019 से संचालित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति वर्ष तीन किस्तों के रूप में 6000 रुपये डीबीटी द्वारा सीधे उनके खातों में अंतरित किए जाते हैं।

