मुंगेली, 19 नवंबर 2025/sns/- शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में धान खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले के 66 समितियों के 105 उपार्जन केन्द्रों में 01 लाख 07 हजार 214 पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदा जाएगा। खरीदी केन्द्रों में सुव्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से धान खरीदी होने से किसानों का भरोसा बढ़ा है। समिति में सुचारू खरीदी व्यवस्था से प्रभावित भर्राकुंडा के किसान श्री ललित साहू एवं ग्राम पेंडाराकापा के किसान श्री मोहन साहू ने इसे प्रशासन की पारदर्शी पहल बताया।
किसान श्री ललित साहू ने बताया कि वे खरीदी केन्द्र गीधा में 12 क्विंटल धान बेचा। उन्होंने 17 नवंबर को टोकन कटवाया था जिसमें किसी प्रकार की समस्या नहीं हुई। इसी तरह ग्राम पेंडाराकापा के किसान श्री मोहन साहू सेवा सहकारी समिति मुंगेली में अपना टोकन कटवाने के लिए पहुंचे, जहाँ उन्होंने धान खरीदी केंद्र में की गई प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि टोकन प्रक्रिया काफी सरल है, इलेक्ट्रॉनिक तौल व्यवस्था तथा किसानों के लिए सभी सुविधाएँ मिल रही हैं, जिससे किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।
जिला प्रशासन द्वारा खरीदी केन्द्रों में किसानों के लिए छाया, पेयजल, बैठक व्यवस्था आदि मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। शासन द्वारा किसानों के लिए किए गए व्यापक इंतजामों ने खरीदी प्रक्रिया को न सिर्फ सरल बनाया है, बल्कि पारदर्शी भी किया है। साथ ही शासन द्वारा प्रति क्विंटल 3100 रूपए तथा प्रति एकड़ 21 क्विंटल की दर से खरीदी जा रही है, जिससे किसानों में उत्साह का माहौल है। उचित मूल्य और समय पर खरीदी से किसान अपनी मेहनत का वास्तविक प्रतिफल पा रहे हैं। किसानों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव सहित जिला प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया।

