मुंगेली, 19 नवंबर 2025/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय द्वारा जिले के मरीजांे को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। यहां जटिल आपरेशन के साथ निःशुल्क डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि पथरिया की 42 वर्षीय श्रीमती सरिता गजारतिया सफल शल्यक्रिया (ऑपरेशन) कर उन्हें गंभीर स्वास्थ्य समस्या से छुटकारा दिलाया गया। श्रीमती सरिता को पिछले कई वर्षों से पेट के नीचे भाग में दर्द एवं अत्यधिक मासिकधर्म होना संबंधी परेशानी थी। लगातार दर्द और असुविधा के कारण उनका दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा था। चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सकों और उन्नत तकनीकी सुविधा ने इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को पूरी तरह सफल बनाते हुए मरीज को नई जीवन आशा प्रदान की।
सिविल सर्जन डॉ. एम.के. राय ने बताया कि जांच में लिपोमा गांठ पाए जाने पर चिकित्सकों ने तत्काल ऑपरेशन का निर्णय लिया और चिकित्सकों की टीम द्वारा जटिल शल्यक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न की गई। चिकित्सकों ने बड़ी सावधानी से लगभग 01 किलो वजनी लिपोमा को सफलतापूर्वक निकालकर मरीज को राहत दी। ऑपरेशन के पश्चात मरीज की हालत लगातार सुधरती गई और चिकित्सकों ने उन्हें पूर्णतः स्वस्थ पाते हुए डिस्चार्ज कर दिया। मरीज के परिजनों ने चिकित्सालय प्रशासन और समस्त टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। ऑपरेशन में एनेस्थीसियोलॉजिस्ट एवं समस्त ओटी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीपीएम श्री गिरीश कुर्रे ने बताया कि जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन अत्याधुनिक तकनीक और अनुभवी चिकित्सकों की मदद से जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा शासन की मंशानुरूप जिला चिकित्सालय में मरीजों को सर्वाेत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। यह सफलता हमारी टीम की निष्ठा, सामूहिक प्रयास और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का परिणाम है।


