छत्तीसगढ़

जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायतों में हुई ग्राम सभा

कवर्धा, 17 नबम्बर 2025/sns/- भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जिले के सभी ग्राम पंचायतो में जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन करते हुए गांव के विकास पर ग्रामीणों ने व्यापक चर्चाएं की। गांव के सड़कों पर आवारा एवं पालतू मवेशियों के कारण हो रही दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ग्रामीणों ने सड़कों पर मवेशियों को खुला नहीं छोड़ने एवं अन्य ग्रामीणों को भी इस बाबत समझाइस देने का संकल्प लिया।ग्राम पंचायतों में स्थित मुक्तिधाम में साफ-सफाई एवं मूलभूत सुविधाओं का विकास, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना अंतर्गत ग्राम पंचायत में परिवारों द्वारा रोजगार की मांग, नए कार्यों को प्रारंभ करने जैसे अन्य महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा की गई। इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जनपद पंचायत कवर्धा, बोड़ला स.लोहरा एवं पंडरिया के सभी ग्राम पंचायतो में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया है। इस दौरान ग्राम पंचायत ने महत्वपूर्ण विषयो पर चर्चा की एवं सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया।पंचायत में नुक्कड़ नाटक सांस्कृतिक सहभागिता का आयोजन किया गया तथा आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए नमन करते हुए उनके जीवन की प्रेरणादाई बाते ग्रामीणों को बताई गई। केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं पर ग्रामीणों का ज्ञानवर्धन किया गया।पंचायत उन्नति सूचकांक में सुधार के लिए पारदर्शी जवाबदेही एवं भागीदारी योजना को बढ़ावा देने के लिए समुदाय से संबंधित सभी विषयों पर व्यापक विचार विमर्श ग्राम सभा में की गई। सीईओ श्री अजय कुमार त्रिपाठी ने आगे बताया कि ग्राम सभा में विभिन्न मौसमों में होने वाले बीमारियों के कारण एवं उसके संभावित निदान पर चर्चा कर ग्रामीणों को जागरूक किया गया है जिससे बीमारियों की रोकथाम आसानी से की जा सके।ग्राम पंचायत में जन्म मृत्यु एवं विवाह पंजीयन जैसी अनिवार्य विषय पर बात की गई।

ग्राम सभा द्वारा जरूरतमंद व्यक्तियों के लिए पंचायत द्वारा वितरित खाद्यान्न एवं उसके लाभान्वितों के नाम का वाचन किया गया। सामाजिक सहायता कार्यक्रम अंतर्गत विभिन्न पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों का सत्यापन जैसे विभिन्न विषयों पर भी ग्राम सभा में चर्चा की गई।उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष अनिवार्य रूप से चार अलग-अलग तिथियां में ग्राम सभा का आयोजन किया जाता है।तथा विशेष प्रयोजनों के लिए कलेक्टर द्वारा ग्राम सभा आयोजित करने आदेशित किया जाता है। इसी अनुक्रम में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जिले के सभी ग्राम पंचायत में ग्राम सभा का आयोजन पंचायत के मुख्यालय में किया गया। ग्राम सभा में सरपंच सचिव ग्राम रोजगार सहायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं महात्मा गांधी नरेगा से रोजगार के लिए ग्रामीणों को किया गया प्रोत्साहित

जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के लाभार्थियों को ग्राम सभा में आवास का निर्माण जल्दी पूरा करने समझाएस दी गई। ग्राम सभा द्वारा निर्माण कार्य में आने वाली परेशानियों पर चर्चा कर समाधान निकाला गया। निर्माण कार्य के लिए उपयोग में आने वाले सामग्रियों की उपलब्धता,सेंट्रिंग् प्लेट ग्रामीणों को उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई। सभी ग्रामीणों से योजना का लाभ उठाने एवं समय सीमा में अपना पक्का घर बनाने का आह्वान किया गया। महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत निर्माण कार्य प्रारंभ कर ग्रामीणों को रोजगार देने के संबंध में चर्चा की गई। अमृत सरोवर तालाब निर्माण डबरी निर्माण जैसे कार्यों से जल संरक्षण एवं भू-जल स्तर में वृद्धि करने के लिए नए कार्यों की पहचान करने प्रोत्साहित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *