मुंगेली, 12 नवंबर 2025/sns/- जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में आज समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने विभागीय योजनाओं, कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की और क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी 15 नवंबर से प्रारंभ होने वाली पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी शासन की प्राथमिकता का कार्य है। किसानों को धान विक्रय एवं भुगतान में किसी प्रकार की समस्या नहीं होना चाहिए। उन्होंने किसानों की समस्या के समाधान के लिए नंबर जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी खसरों का भौतिक सत्यापन करने, उपार्जन केंद्र के लिए बफर लिमिट का निर्धारण, ट्रायल रन, बारदाना एवं ऑपरेटर की व्यवस्था आदि तैयारियों की जानकारी ली और समय पूर्व सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने संवेदनशील धान खरीदी केन्द्रों पर विशेष निगरानी करने निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि किसानों को भुगतान में किसी भी प्रकार की समस्या ना हो, इसके लिए आवश्यक उपाय करें। किसानों को ज्यादा से ज्यादा एटीएम कार्ड उपलब्ध करवाएं, ताकि भुगतान में कोई दिक्कत ना हो। गांव, गरीब और आम किसानों को भुगतान में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने धान खरीदी से जुड़े भ्रामक खबर पर प्रभावी रोकथाम, साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने, केंद्र में उचित पार्किंग व्यवस्था आदि के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने आगामी 13 नवंबर को यूनिटी मार्च और 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम के आयोजन के सम्बन्ध में चर्चा करते हुए तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यूनिटी मार्च का आयोजन नगर पालिका लोरमी में दोपहर 12 से 02 बजे और मुंगेली में शाम 03 से 05 बजे तक किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकजुटता का सशक्त संदेश दिया जाएगा। इस संबंध में उन्होंने सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनजातीय गौरव दिवस पर जिला, ब्लॉक एवं आदि सेवा केन्द्रों में कार्यक्रम आयोजित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने एस.आई.आर. के कार्य को गंभीरता से करने, बीएलओ की मॉनिटरिंग के साथ गणना पत्रक वितरण, डिजिटाइजेशन आदि कार्य को बेहतर एवं शत प्रतिशत संपादन सुनिश्चित करने कहा। बैठक में मतदाता गहन पुनरीक्षण के संबंध में सम्बन्धित अधिकारियों के दायित्व एवं कार्ययोजना पर चर्चा हुई। एसआईआर के लिए सेक्टर अधिकारियों के दायित्व के बारे में आवश्यक जानकारी दी गई। इस दौरान एडीएम श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।


