छत्तीसगढ़

सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वीं जयंती पर 13 नवम्बर को होगा “यूनिटी मार्च” का भव्य आयोजन

मुंगेली, 12 नवंबर 2025/sns/- भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर 13 नवम्बर को जिले में “यूनिटी मार्च” का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन नगर पालिका लोरमी में दोपहर 12 से 02 बजे और मुंगेली में शाम 03 से 05 बजे तक किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकजुटता का सशक्त संदेश दिया जाएगा। इस अवसर पर एनसीसी, एनएसएस, स्कूल और कॉलेजों के हजारों छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। युवा प्रतिभागी एकता के प्रतीक सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश देंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा कलेक्टर श्री कुमार ने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर की। उन्होंने कार्यक्रम के भव्य एवं गरिमामय आयोजन के लिए टेंट, माइक-साउंड, जलपान, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री (आवास एवं शहरी कार्य) श्री तोखन साहू तथा प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों को कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। सरदार पटेल की जयंती पर आयोजित यह यूनिटी मार्च जिले में राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सौहार्द का प्रेरक प्रतीक बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *