बीजापुर, 03 नवम्बर 2025-/sns/-छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के 25वें वर्ष पर बीजापुर जिले में रजत महोत्सव एवं राज्योत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। 2 से 4 नवम्बर तक आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन मिनी स्टेडियम बीजापुर में किया गया है।
राज्योत्सव के अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं और राज्य की 25 वर्षों की उपलब्धियों को जीवंत छायाचित्रों और जानकारीपूर्ण सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और मोदी की गारंटी जैसी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई है। साथ ही माओवाद प्रभावित बीजापुर जैसे सुदूर क्षेत्रों में शासन-प्रशासन द्वारा किए गए विकास कार्यों का सशक्त चित्रण किया गया है।
प्रदर्शनी में माननीय प्रधानमंत्री द्वारा जिले के हितग्राहियों को लाभान्वित करने के पल, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के गुण्डम प्रवास, जन चैपाल कार्यक्रम और जवानों को प्रोत्साहित करने वाले दृश्यों को भी प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के बीजापुर प्रवास तथा जिले को मिली विकास सौगातों के छायाचित्र भी प्रमुखता से लगाए गए हैं।
प्रदर्शनी में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से राज्य और जिले की 25 वर्षों की विकास यात्रा पर आधारित वीडियो फिल्म भी प्रदर्शित की जा रही है, जो दर्शकों को छत्तीसगढ़ के परिवर्तन और प्रगति की प्रेरणादायक झलक देती है।
राज्योत्सव के मुख्य अतिथि बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि, “ऐसे प्रयास शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होते हैं।”
इस अवसर पर जनसंपर्क विभाग रायपुर द्वारा प्रकाशित जनमन, विकसित भारत की ओर बढ़ते कदम, छत्तीसगढ़ में सुशासन के लिए नवाचार तथा छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव जैसे प्रकाशनों का निःशुल्क वितरण किया जा रहा है। युवाओं में इन प्रकाशनों को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं ने ‘जनमन’ पत्रिका को तथ्यात्मक और विश्वसनीय जानकारी का उत्कृष्ट स्रोत बताया।

