मुंगेली, 30 अक्टूबर 2025/sns/- निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को शुद्ध, सटीक एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में आज जनपद पंचायत सभाकक्ष में बीएलओ को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव ने बीएलओ एवं बीएलए द्वारा मतदाताओं के घर-घर जाकर सत्यापन करने तथा गणना प्रपत्र तैयार करने के संबंध में जानकारी दी।
इसी तरह पथरिया के जनपद पंचायत सभाकक्ष में बीएलओ को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में अपर कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी के द्वारा पथरिया में आयोजित प्रशिक्षण का निरीक्षण किया गया एवं सभी बीएलओ को इस कार्य को सफल बनाने के लिए दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चन्द्रा एवं तहसीलदार श्रीमती छाया अग्रवाल मौजूद रहे।
प्रशिक्षण में बताया गया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित तिथियों के अनुसार 03 नवंबर तक बीएलओ को प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा। प्रशिक्षण के बाद 04 नवम्बर से 04 दिसम्बर तक घर-घर जाकर सत्यापन एवं गणना कार्य, 09 दिसंबर को मतदाता सूचियों के प्रारूप का प्रकाशन तथा 08 जनवरी 2026 तक दावा एवं आपत्तियां ली जायेगी। 09 दिसंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक की अवधि में सुनवाई एवं सत्यापन का कार्य किया जायेगा। इसके उपरांत 07 फरवरी 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जायेगा। इस संबंध में बुधवार को जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में जिले के विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक लेकर जानकारी दी जा चुकी है।

