मुंगेली, 30 अक्टूबर 2025/sns/- प्रदेश की किसान हितैषी सरकार के संकल्प और कृषि आधारित नीतियों के सफल क्रियान्वयन से मुंगेली जिले के किसानों के जीवन में आर्थिक समृद्धि और स्थायित्व की नई रोशनी फैल रही है। कृषि प्रधान इस जिले में खेती-किसानी केवल आजीविका का माध्यम नहीं, बल्कि अब विकास और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बन चुकी है। केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं ने जिले के किसानों को मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें आत्मविश्वास और सम्मान से जीवन जीने की दिशा दी है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से अब तक जिले के 01 लाख 13 हजार से अधिक किसानों को लाभान्वित किया जा चुका है। 20वीं किस्त के रूप में 91 हजार 700 किसानों के खातों में 18 करोड़ 35 लाख रुपये की राशि अंतरित की गई है। अब तक इस योजना के तहत जिले के किसानों को कुल 344 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्राप्त हुई है। साथ ही 150 से अधिक नए किसानों का पंजीयन कर उन्हें भी योजना से जोड़ा गया है। यह योजना किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही है।
राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत वर्ष 2024-25 में जिले के 01 लाख 05 हजार से अधिक किसानों को 444 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रदान की जा चुकी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने किसानों के सम्मान और आत्मनिर्भरता को नई ऊँचाई देते हुए 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इस वर्ष जिले में 55.61 लाख क्विंटल से अधिक धान की खरीदी की गई है तथा 14 हजार 500 से अधिक किसानों को बकाया धान बोनस का भुगतान किया गया है। इसके साथ ही योजना का दायरा बढ़ाते हुए दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो-कुटकी, रागी और कपास जैसी फसलों पर प्रति एकड़ 11 हजार रुपये की इनपुट सब्सिडी प्रदान की जा रही है।
खेती को आधुनिक और लाभकारी बनाने के उद्देश्य से जिले में सिंचाई संसाधनों का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से शून्य ब्याज दर पर अल्पकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही, गौपालन, मधुमक्खी पालन, और लाख उत्पादन जैसे सहायक व्यवसायों के लिए भी रियायती दरों पर ऋण सुविधा दी जा रही है। सरकार की इन पहल से न केवल किसानों की आय में वृद्धि हो रही है, बल्कि कृषि क्षेत्र में तकनीकी नवाचार से जिले के किसानों में समृद्धि एवं खुशहाली आ रही है।

