छत्तीसगढ़

एम एस एमई के बाजार विस्तार हेतु ई-मार्केटप्लेस एवं डिजिटल मार्केटिंग पर कार्यशाला आयोजित

सुकमा, 17  अक्टूबर 2025/sns/-   सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), महिला उद्यमियों, स्व-सहायता समूहों (एसएचजी) तथा पारंपरिक कारीगरों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने और उनके उत्पादों की पहुँच बढ़ाने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभाकक्ष सुकमा में RAMP योजना के अंतर्गत “ई-मार्केटप्लेस एवं डिजिटल मार्केटिंग द्वारा बाजार विस्तार” विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला की अध्यक्षता मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री मुकुन्द ठाकुर ने की। उन्होंने कहा कि “गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल स्थानीय उत्पादों और सेवाओं को राष्ट्रीय खरीदी प्रणाली से जोड़ने का सशक्त माध्यम है, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और स्थानीय उद्यमियों को स्थायी बाजार उपलब्ध होगा।”
GeM, रायपुर के मास्टर ट्रेनर श्री राकेश तिवारी ने प्रतिभागियों को पोर्टल पर पंजीयन प्रक्रिया, निविदाओं में भागीदारी, उत्पाद कैटलॉग निर्माण, मूल्य निर्धारण, ऑर्डर निष्पादन आदि विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने लाइव डेमो के माध्यम से GeM पोर्टल पर उत्पाद अपलोड एवं खरीदी प्रक्रिया का प्रदर्शन भी किया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र सुकमा श्री मितवा बड़ा ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार अब सभी विभागों द्वारा वस्तुओं एवं सेवाओं की खरीदी GeM पोर्टल के माध्यम से की जा रही है। इसलिए स्थानीय उद्यमियों के लिए इस प्लेटफॉर्म की समझ और उपयोगिता आवश्यक है।
प्रबंधक, श्री कैलाश कुमार कश्यप ने बताया कि RAMP योजना के तहत जिले में उद्यमिता संवर्धन, डिजिटल मार्केटिंग तथा वित्तीय पहुँच से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि MSMEs को प्रतिस्पर्धी बनाया जा सके।
कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, महिला उद्यमी, स्व-सहायता समूह सदस्य, पारंपरिक कारीगर तथा सुकमा चैंबर ऑफ कॉमर्स के व्यापारी सहित कुल 89 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *