बीजापुर, 26 नवंबर 2025/sns/- कलेक्टर श्री संबित मिश्रा के मार्ग दर्शन एवं सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे के नेतृत्व में पीरामल फाउंडेशन की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए विभिन्न पंचायतों व विद्यालयों में बच्चों तथा ग्रामीणों की सहभागिता ने संविधान दिवस गरिमामय ढंग से मनाया।
संविधान दिवस के अवसर पर पूरे जिले में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई जिसमें कविता पाठ के तहत विद्यार्थियों ने संविधान, स्वतंत्रता और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी रचनाएँ प्रस्तुत कीं। पोस्टर निर्माण में बच्चों ने मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और संविधान के महत्व को दर्शाते हुए आकर्षक पोस्टर बनाए।
भाषण प्रतियोगिता के अन्तर्गत वक्ताओं ने संविधान की पृष्ठभूमि, इसके महत्व और नागरिक जिम्मेदारियों पर अपने विचार रखे। वहीं दीवार प्रदर्शन में पंचायत भवनों की दीवारों पर संविधान से संबंधित चित्र व संदेश प्रदर्शित किए गए। तथा संविधान की प्रस्तावना का वाचन सभी पंचायतों में सामूहिक रूप किया गया। इसके अलावा मौलिक अधिकार व कर्तव्यो पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के समापन के अवसर पर बच्चों के उत्कृष्ट प्रस्तुतिकरण के लिए सरपंचों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए जिससे बच्चों में उत्साह और बढ़ा। जिले भर में आयोजित इन गतिविधियों ने लोगों को संविधान के महत्व, नागरिक कर्तव्यों एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों, छात्रों और पीरामल फाउंडेशन के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

