सुकमा, 15 सितम्बर 2025/ sns/- जिले के दूरस्थ एवं वंचित ग्रामों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है। कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार नियद नेल्लानार योजना के तहत चयनित ग्राम मरईगुडा (वन) में 15 से 18 सितम्बर तक समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा आवश्यक शासकीय दस्तावेज बनवाने में सहायता प्रदान करना है।
शिविर मरईगुड़ा पंचायत में आयोजित होगा, जहाँ क्रिस्टाराम, मरईगुड़ा, बंडा (कन्हाईगुड़ा), पोटकपल्ली, संकुल मरईगुड़ा और गोल्लापल्ली के ग्रामीण भाग लेंगे। प्रशासन ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में शामिल होने का अनुरोध किया है, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे और आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, वोटर आईडी, कृषक पंजीयन, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, जाति प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र तथा जन्म प्रमाणपत्र बनवाने जैसी सेवाएँ प्रदान की जाएँगी। साथ ही, ग्रामीणों की अन्य समस्याओं का समाधान भी मौके पर किया जाएगा।

