जांजगीर-चांपा, 12 फरवरी 2026/sns/- कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में सामूहिक दवा सेवन अभियान का शुभारंभ आज विकासखंड बलौदा के आत्मानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बलौदा से किया गया। इस अवसर पर फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन हेतु आमजन को दवा सेवन कराने का आह्वान किया गया। अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु जिले में कुल 686 दवा प्रशासक, 69 पर्यवेक्षक, 08 द्वितीय पर्यवेक्षक एवं 02 रैपिड रिस्पांस (आर.आर.) टीमों की नियुक्ति की गई है। ये टीमें अभियान के दौरान किसी भी विपरीत परिस्थिति में त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगी।
कार्यक्रम को तीन चरणों में संचालित किया जाएगा। प्रथम चरण में दिनांक 10 से 12 फरवरी 2026 तक स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में बूथ लगाकर पात्र व्यक्तियों को दवा सेवन कराया जाएगा। द्वितीय चरण में 13 से 22 फरवरी 2026 तक दवा प्रशासक घर-घर जाकर दवा खिलाएंगे। वहीं तृतीय चरण में 23 से 25 फरवरी 2026 तक मॉप-अप राउंड के अंतर्गत अभियान के दौरान छूटे हुए व्यक्तियों को दवा सेवन कराया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे फाइलेरिया उन्मूलन के इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा दवा का सेवन अवश्य करें, ताकि जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाया जा सके।


