छत्तीसगढ़

राष्ट्रीय स्तर पर लहराया जवाहर नवोदय विद्यालय सुकमा ने परचम-खिलाड़ियों ने दिलाई  सुकमा जिले को नई पहचान

सुकमा,11 सितम्बर 2025/sns/- जवाहर नवोदय विद्यालय सुकमा-2 के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर सुकमा जिले और अपने विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय की छात्रा रीना मारकाम ने राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल प्राप्त कर इतिहास रच दिया, वहीं नीशीता ने भी राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग सिल्वर मेडल लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
बालिका क्रिकेट टीम की खिलाड़ी रीन्की मुचाकी और सावित्री माडकाम ने अपने बेहतरीन खेल कौशल से राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए नेशनल लेवल में भाग लिया। वॉलीबॉल में एर्रा नाग, जगरनाथ नाग, अनस मोहम्मद और जीगनेश नाग ने टीम भावना और उत्कृष्ट खेल भावना का प्रदर्शन किया। बालक क्रिकेट टीम के खिलाड़ी मानगाराज दीरदो और ईश्वर कवासी ने अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से टीम को कई मौकों पर मजबूती प्रदान की।
इन उपलब्धियों पर विद्यालय के प्राचार्य श्री बलराम जाटव ने सभी खिलाड़ियों, उनकी टीम और पीटीआई को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय के लिए गर्व का विषय है कि हमारे विद्यार्थी राष्ट्रीय मंच पर जिले का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण की सराहना की।
विद्यालय की पीटीआई रजिया मोहम्मद और जितेंद्र राय का योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा, जिनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने यह मुकाम हासिल किया। दोनों प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को अनुशासन, तकनीकी प्रशिक्षण और मानसिक दृढ़ता प्रदान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिवार ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *