छत्तीसगढ़

मरीजों को मिल रही निरंतर स्वास्थ्य सेवाएँ, सभी आपातकालीन सेवाएं जारी

मुंगेली, 20 अगस्त 2025/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहू तथा सिविल सर्जन डॉ. एम. के. राय की देखरेख में स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो रहा है तथा सभी आपातकालीन सेवाएं जारी हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के बावजूद जिला चिकित्सालय सहित जिले के सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में मरीजों का उपचार निर्बाध रूप से जारी है।
जिला चिकित्सालय में उपलब्ध चिकित्सकों और स्टाफ नर्सों द्वारा प्रतिदिन बड़ी संख्या में आने वाले मरीजों का उपचार किया जा रहा है। वर्तमान में लगभग 70 एनएचएम कर्मचारी हड़ताल पर हैं, जिनमें 34 स्टाफ नर्स भी शामिल हैं। इसके बावजूद जिला चिकित्सालय में वैकल्पिक व्यवस्था कर मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान की जा रही हैं। 18 अगस्त को जिला चिकित्सालय में कुल 708 मरीजों का उपचार किया गया। इस दिन 03 ऑपरेशन एवं 1 सामान्य प्रसव हुआ। इसके साथ ही 34 सोनोग्राफी भी की गईं।
वहीं 19 अगस्त को कुल 499 मरीजों का उपचार किया गया। इस दिन 01 ऑपरेशन एवं 3 सामान्य प्रसव संपन्न हुए। साथ ही 32 सोनोग्राफी भी की गईं। इस दौरान आवश्यकतानुसार मरीजों का ईसीजी, एक्स-रे तथा अन्य परीक्षण भी किए गए। सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक ने बताया कि जिला चिकित्सालय में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए चिकित्सक और कर्मचारी पूर्ण निष्ठा के साथ सेवाएँ दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *