छत्तीसगढ़

घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई

मोहला, 16 अगस्त 2025/sns/- कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशन में जिले के विकासखंड मोहला के गोटाटोला क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग को लेकर खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।
खाद्य विभाग की टीम ने 12 अगस्त को गोटाटोला के विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान गोली होटल, बालाजी होटल, आर.के. एग रोल, एस.के.एग रोल चाऊमीन एंड चिकन चिल्ली सेंटर और कुम्भकार समोसा कॉर्नर होटल में घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते हुए पाया गया। कार्रवाई के दौरान कुल 10 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। अधिकारियों ने बताया कि इन प्रतिष्ठानों में घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित एलपीजी सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक रूप से किया जा रहा था, जो कि न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा के लिहाज से भी गंभीर खतरा है।
संबंधित दुकानदारों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 एवं द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस प्रदाय और वितरण विनियमन आदेश, 2000 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी जिले भर में निरंतर जारी रहेंगी, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके और किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। जांच टीम में आशीष रामटेके, धरमू राम किरंगे, विश्वनाथ बंजारे और हेमंत नायक शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *