मोहला, 16 अगस्त 2025/sns/- कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने जिले के समस्त किसानों से भारत सरकार के एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीकरण कर डिजिटल कृषि सेवाओं का लाभ उठाने हेतु अपील कि हैं। एग्रीस्टैक को डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन भी कहा जाता है, जिसे कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई है। जो किसानों को सरकारी एवं निजी क्षेत्रों की डिजिटल सेवाओं तक पहुँच प्रदान करता है। यह एकीकृत मंच किसानों, सरकारी एजेंसियों और निजी कंपनियों को जोड़ता है, जिससे कृषि पद्धतियों को आधुनिक व लाभदायक बनाया जा सके। प्लेटफॉर्म के माध्यम से किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, फसल बीमा व विक्रय, बाजार मूल्य की जानकारी, तकनीकी सहायता एवं मौसम पूर्वानुमान जैसी सुविधाएं आसानी से मिल सकती हैं। एग्रीस्टैक में पंजीकरण हेतु किसान अपने नजदीकी विकासखंड के सहकारी समिति अथवा कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) में आधार नंबर, मोबाइल नंबर, भूमि एवं बैंक खाता विवरण जैसे विभिन्न दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर पंजीकरण करा सकते हैं। ई-साइन प्रक्रिया के तहत ओटीपी या बायोमेट्रिक सत्यापन जरूरी है। जिससे किसानों का डेटा पूरी तरह सुरक्षित रहेगी एवं उनकी गोपनीयता सुनिश्चित की जाएगी। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कृषि संबंधित विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभ उठाने हेतु जिले के अधिक से अधिक किसानों को एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीकरण कराने का आग्रह किया है।

