बलौदाबाजार, 14 अगस्त 2025/sns/- पूरे उत्साह-उमंग और सबकी भागीदारी के साथ देश भर में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। इसी कड़ी में बुधवार क़ो बलौदाबाजार में आयोजित तिरंगा यात्रा में राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा शामिल हुए। तिरंगा यात्रा अम्बेडकर चौक से प्रारम्भ होकर नेहरू चौक, सराफा लाईन मुख्य मार्ग होते हुए अटल चौक में सम्पन्न हुआ। तिरंगा यात्रा में नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, जिला अध्यक्ष आनंद यादव, स्काउट गाइड़ के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी सहित, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षद एवं बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।
कार्यक्रम क़ो सम्बोधित करते हुए मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि तिरंगा हमारी जान है, तिरंगा हमारी शान है। इस तिरंगे के मान और सम्मान की रक्षा के लिए देश के अनगिनत नौजवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। हमारे केंद्रीय नेतृत्व का आह्वान है कि तिरंगा हर घर पर फहराया जाए, हर व्यक्ति को इससे जोड़ा जाए और तिरंगा यात्रा को जन-जन का उत्सव बनाया जाए। राजस्व मंत्री ने सभी नागरिकों से अपने घर पर तिरंगा अवश्य लगाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में, सभी ने नशामुक्ति की शपथ लेकर एक स्वस्थ और जागरूक समाज बनाने का संकल्प लिया।
एक पेड़ माँ के नाम अभियान अंतर्गत वृक्षारोपण – राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा सहित जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर दीपक सोनी एवं एसपी भावना गुप्ता ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान अंतर्गत लवन रोड में वृक्षारोपण किया। इसके पश्चात मंत्री श्री वर्मा ने मुरुम तालाब के सौन्दर्यीकरण कार्य का भी जायजा लिया और अधिकारियों क़ो जरुरी निर्देश दिये।