सुकमा, 14 अगस्त 2025/sns/- छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित एवं अति संवेदनशील क्षेत्र सुकमा जिले के कोंटा थाना अंतर्गत बस्तियों में मंगलवार को हर घर तिरंगा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस उप महानिरीक्षक (परिचालन) रेंज कोंटा, केरिपुबल श्री राजेश पांडे के मार्गदर्शन एवं 217 बटालियन के कमांडेंट श्री विजय शंकर की अगुवाई में किया गया।
इस अवसर पर डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल कोंटा के छात्र-छात्राओं, परिचालन रेंज केरिपुबल कोंटा एवं 217 बटालियन के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी तथा जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत रैली निकाली गई और ग्रामीणों तथा बच्चों के बीच तिरंगे झंडे वितरित किए गए।
रैली के दौरान अधिकारियों ने आजादी के महत्व और राष्ट्रप्रेम के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक श्री राजेश पांडे, कमांडेंट श्री विजय शंकर, द्वितीय कमान अधिकारी श्री नीर सिंह मीणा, सहायक कमांडेंट डॉ. मंदीप सिंह एवं श्री डी. राजा इलमपरिथी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने ग्रामीणों, छात्रों और जवानों को देशभक्ति एवं एकता के भाव को बनाए रखने हेतु प्रेरित किया।

