अम्बिकापुर, 07 अगस्त 2025/sns/- किसानों को कृषि कार्यों में अधिक लाभ पहुंचाने तथा आपदा या क्षति की स्थिति में समुचित मुआवजा प्रदान करने हेतु संचालित प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत सरगुजा जिले में फसल कटाई प्रयोग (क्रॉप कटिंग एक्सपेरिमेंट) संबंधी सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
इस प्रशिक्षण का आयोजन राजमोहनी देवी भवन, अम्बिकापुर में किया गया, जिसमें राजस्व, कृषि एवं सांख्यिकी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से भाग लिए। प्रशिक्षण का उद्देश्य कृषि संबंधी आंकड़ों की सटीकता, पारदर्शिता एवं डिजिटल रूप से संग्रहण को सुनिश्चित करना रहा, जिससे योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में मदद मिल सके।
प्रशिक्षण में बताया गया कि इस योजना के अंतर्गत फसलों की औसत पैदावार, फसल की स्थिति, क्षति का आकलन, भू-राजस्व में छूट, खाद्य नीति का निर्धारण, भूमि का सापेक्षिक मूल्य व सिंचाई दरों का निर्धारण आदि महत्वपूर्ण कार्य किये जाते हैं। इससे किसानों को न केवल बीमा का लाभ मिलता है, बल्कि फसल आधारित योजनाओं का लाभ भी शीघ्रता से उपलब्ध कराया जा सकता है।
इसके अतिरिक्त, प्रतिभागियों को गिरदावरी, वर्षा मापी, बाजार भाव एवं फसल पूर्वानुमान संबंधी तकनीकी जानकारियां भी प्रदान की गई, जो कृषि क्षेत्र में निर्णय लेने की प्रक्रिया को बेहतर बनाएंगी।
प्रशिक्षण का संचालन राज्य स्तर से आए मास्टर ट्रेनर व पर्यवेक्षक श्री अभिमन्यु यादव तथा राजस्व निरीक्षक श्री अविनाश सराफ द्वारा किया गया। इस दौरान राजस्व विभाग के पटवारी, राजस्व निरीक्षक, सहायक अधीक्षक, कृषि विभाग के RAEO, ADO, SADO तथा सांख्यिकी विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


