छत्तीसगढ़

पीएम आवास में लगा रैनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम श्रीमती वीरी ने वृक्षारोपण के साथ दिया पर्यावरण जागरूकता का संदेश

सुकमा, 30 जुलाई 2025/sns/- कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन तथा मर्गदर्शन में जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पीएम आवास योजना के अन्तर्गत हितग्राहियों का गृहप्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बुधवार को सुकमा विकासखंड में केरलापाल, छिंदगढ़ विकासखंड के कुकानार और कोंटा विकासखंड के एर्राबोर में कार्यक्रम आयोजित कर हितग्राहियों को गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में नवनिर्मित आवास में गृहप्रवेश कराया।
 इस तारतम्य में कोंटा विकासखंड के ग्राम पंचायत एर्राबोर में नवनिर्मित पूर्ण पीएम आवास में गृह प्रवेश के साथ एक पेड़ माँ के नाम और रैन वाटर हार्वेस्टिंग कार्यक्रम संपन्न हुआ। एर्राबोर में आयोजित विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंगम्मा सोयम ने शिरकत की। कार्यक्रम के अंतर्गत पीएम आवास हितग्राही श्रीमती पण्डा वीरी पति वीरा के द्वारा नवनिर्मित पीएम आवास में गृहप्रवेश किया गया। इसके साथ ही एक पेड़ माँ के नाम योजनांतर्गत फलदार वृक्षों का वृक्षारोपण और घर में रैन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी स्थापित किया गया।
पक्का मकान बनाने का सपना हुआ साकार
कोंटा विकासखंड के एर्राबोर पंचायत की निवासी श्रीमती वीरी जो पहले अपने घास-फूस एवं मिट्टी से बने घर में रहती थी, अब प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत एक पक्का मकान बन जाने से चौन से अपने घर में आरामदायक जिंदगी व्यतीत कर रही हैं। हितग्राही श्रीमती वीरी ने कभी सोचा नहीं था कि उनका परिवार कभी अपने सपनों का आशियाना बना पाएगा, लेकिन इस योजना ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। अब वे अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मानपूर्ण जीवन जी रहे हैं। हितग्राही ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का आवास मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि पीएम आवास योजना के तहत मुझे जो पक्का आवास मिला है, वह मेरे परिवार के लिए एक सपना साकार होने जैसा है। पहले हम कच्ची दीवारों और घास से बने पुराने घर में जैसे-तैसे जीवन व्यतीत कर रहे थे। कच्ची छत होने के कारण हमेशा बारिश के समय पानी टपकता था। इसलिए हमे पक्के मकान की आवश्यकता महसूस होती थी।
पीएम आवास योजना से मिला आर्थिक सहयोग
शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजना प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 2024-25 में आवास की स्वीकृति होने से श्रीमती वीरी के पक्का मकान बनाने का सपना साकार हुआ। उन्होंने योजनान्तर्गत अभिसरण के तहत मनरेगा से 90 दिवस का मजदूरी भुगतान किया। इस योजना के तहत हितग्राही को अब एक पक्का और सुरक्षित मकान मिल गया है, जिसमें उनके परिवार को बेहतर जीवनशैली और सुरक्षा मिल रही है। उनका कहना है कि अब मेरे परिवार को ठंड, गर्मी या बारिश किसी भी मौसम की चिंता नहीं रहती।
पक्का मकान के लिए सरकार को दिया धन्यवाद पीएम आवास लाभार्थी श्रीमती वीरी ने पक्के आवास दिलाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा कि योजना ने हम जैसे ग़रीब परिवारों को स्थायी और सुरक्षित घर प्रदान करके हमें एक सुखमय और सम्मान जनक जीवन जीने का अवसर दिया है। मुझे पीएम आवास दिलाने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन को बहुत बहुत धन्यवाद।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी जनपद सीईओ श्री गिरीश निंबालकर, सरपंच एर्राबोर श्रीमती कट्टम लक्ष्मी, विकासखण्ड आवास समन्वयक श्री एम रहीम, सचिव श्री सोयम लच्छा और पंचायत प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *