छत्तीसगढ़

दिव्यांग बच्चों को शिक्षण सहायक सामग्री कीट वितरण शैक्षणिक कार्य में मिलेगी नई दिशा

सुकमा, 30 जुलाई 2025/sns/- कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.आर. मंडावी तथा जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा श्री उमाशंकर तिवारी के मार्गदर्शन में जिले के आठ मानसिक रूप से विशेष दिव्यांग बच्चों को शिक्षण सहायक सामग्री (टी.एल.एम. कीट) प्रदान की गई। यह सामग्री दिव्यांग कौशल विकास, पुनर्वास एवं सशक्तीकरण समेकित क्षेत्रीय केंद्र (सी.आर.सी.) ठाकुर टोला, राजनांदगांव से प्राप्त कर बच्चों तक पहुंचाई गई।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.आर. मंडावी ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को शिक्षण कार्य में प्रोत्साहित करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि टी.एल.एम. कीट में ऐसे शैक्षणिक उपकरण शामिल हैं जो बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ाने, बौद्धिक विकास में सहायता करने तथा उन्हें व्यवहारिक ज्ञान प्रदान करने में सहायक होंगे।
जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा श्री उमाशंकर तिवारी ने बताया कि इन कीटों में विशेष प्रकार की शिक्षण सामग्री जैसे- चित्र कार्ड, अक्षर एवं अंक बोर्ड, रंग-बिरंगे ब्लॉक्स, स्पर्श एवं ध्वनि आधारित उपकरण शामिल हैं, जो बच्चों की जिज्ञासा को बढ़ाने और सीखने की प्रक्रिया को आसान बनाने में सहायक होंगे।
उक्त कार्यक्रम के दौरान बच्चों और उनके परिजनों ने सामग्री प्राप्त कर प्रसन्नता व्यक्त की। परिजनों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग का आभार जताते हुए कहा कि यह सामग्री बच्चों के शैक्षणिक कार्य में निश्चित ही सहायक सिद्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *