छत्तीसगढ़

नशामुक्त भारत अभियान के तहत जैलवाड़ा स्कूल में हुआ जागरूकता कार्यक्रम


बीजापुर, 24 जुलाई 2025/sns- माध्यमिक शाला जैलवाड़ा में पूर्व नियत शैक्षणिक गतिविधियों के अंतर्गत नशा उन्मूलन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नशामुक्त भारत अभियान तथा नशा पुनर्वास केंद्र बीजापुर के कार्यों से छात्रों को अवगत कराना और नशे के दुष्परिणामों पर जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनी और संगीत प्रस्तुति के माध्यम से नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक प्रभावों को छात्रों के समक्ष प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग बीजापुर के उपसंचालक श्री कमलेश कुमार पटेल ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने नशामुक्त समाज की दिशा में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों को साझा किया।
क्रेडा विभाग के उप अभियंता श्री संदीप कुमार बंजारा ने सौर ऊर्जा की उपयोगिता और सतत विकास में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। नशा पुनर्वास केंद्र के अर्जुन योगा आचार्य द्वारा नशे के दुष्प्रभावों पर जानकारी दी गई और जीवन में संयम व सकारात्मक सोच को अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में संकल्प एवं शपथ ग्रहण सत्र आयोजित किया गया, जिसमें सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधान पाठक श्रीमती गिरिजा नंदनी, शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। यह आयोजन विद्यार्थियों के बीच नशामुक्त समाज की सोच विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा, जिसने शैक्षिक वातावरण में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी प्रोत्साहित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *