बीजापुर, 24 जुलाई 2025/sns/- शिखर युवा मंच, बिलासपुर एवं एसबीआई फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित एसबीआई संजीवनी, क्लिनिक ऑन व्हील्स परियोजना के अंतर्गत ग्राम पदेड़ा बाजार ब्लॉक व जिला बीजापुर में एक दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का शुभारंभ एसबीआई, मुख्य शाखा बीजापुर के प्रबंधक श्री अभय प्रताप सिंह ने भारत माता की पूजा एवं नारियल फोड़कर किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। स्वास्थ्य शिविर में कुल 265 ग्रामीणों की जांच की गई। हड्डी रोग, सामान्य बीमारियाँ (सर्दी, खांसी, बुखार), मलेरिया और एनीमिया जैसे मामलों की पहचान हुई। 12 मलेरिया पॉजिटिव और 3 एनीमिक मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. चंद्रशेखर जयसवाल ने संबंधित मरीजों को परामर्श और उपचार प्रदान किया।
शिविर में 47 प्रयोगशाला परीक्षण किए गए साथ ही निःशुल्क दवा वितरण और स्वास्थ्य परामर्श भी दिया गया। एसबीआई संजीवनी टीम, बीजापुर की अहम भूमिका रही। टीम में परियोजना समन्वयक श्री मुकेश मानिकपुरी, चिकित्सक डॉ. माधुरी ठाकुर, फार्मासिस्ट श्री सिध मौर्य, स्टाफ नर्स सुश्री जयश्री सेगम, लैब टेक्नीशियन सुश्री मनोरमा उसेंदी और पायलेट श्री सियाराम कुड़ियम शामिल रहे।
प्रबंधक श्री अभय प्रताप सिंह ने भविष्य के शिविरों में वीडियो कॉल के माध्यम से विशेषज्ञ परामर्श की सुविधा शुरू करने का सुझाव दिया, जिससे ग्रामीणों को समय पर बेहतर इलाज मिल सके। शिविर को सफल बनाने में डाॅ. बी.आर. पुजारी, श्री विकास गवेल और एसबीआई बीजापुर की सक्रिय भूमिका रही। यह स्वास्थ्य शिविर न केवल ग्रामीणों को चिकित्सा सुविधा देने का माध्यम बना, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने की दिशा में एक प्रेरणास्पद पहल भी साबित हुआ।

