छत्तीसगढ़

समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी 15 क्विंटल से बढ़कर अब 20 क्विंटल होने से किसानों में खुशी की लहर

जिले के किसानों ने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल का जताया आभार

मुख्यमंत्री की किसानों के हित में बड़ी घोषणा : समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ 20 क्विंटल की जाएगी धान की खरीदी

कवर्धा, 24 मार्च 2023। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने किसानों के हित में कार्य करते हुए प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी करने की घोषणा से कबीरधाम जिले के किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई है। किसानों ने कहा कि इस ऐतिहासिक निर्णय से अतिरिक्त उत्पादन को बेचने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पडे़गा। इससे किसान और ज्यादा मेहनत कर अधिकतम फसल लेने के लिए प्रेरित हांगे। किसानों ने कहा कि इससे अब दोहरा लाभ होगा। पहले समर्थन मूल्य में प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान विक्रय करते थे, अब किसानों के प्रति संवेदनशील सरकार मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की घोषणा के बाद प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान विक्रय कर सकेंगे। जिससे किसानों को अधिक लाभ मिलेगा और आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री श्री बघेल की घोषणा से जिले के किसानों के चेहरे खिल उठे है। किसानों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा है कि इस ऐतिहासिक निर्णय से किसानों को ज्यादा मात्रा में धान बेचने का अवसर मिलेगा, जिससे किसानों के आय में वृद्धि होगी। ग्राम समनापुर के किसान श्री सुरेश पटेल ने कहा कि उनके पास 15 एकड़ जमीन है जिसमें वे खेती करते है। पहले 225 क्विंटल धान बेचते थे लेकिन अब 300 क्विंटल धान बेचेंगे। इस ऐतिहासिक निर्णय से जिले में खेती करने वाले किसान लाभान्वित होंगे। वहीं ग्राम मंजगांव के किसान रामचंद ने उत्साह से बताया कि मैं हमेशा अतिरिक्त उत्पादन के विक्रय के संबंध में सोंचता था लेकिन अब यह चिंता अब दूर हो गई है। उन्होंने कहा कि 08 एकड़ में खेती करते है। इस लिहाज से अब 160 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर बेच सकेंगे। जिसका लाभ आय के रूप में दिखेगा।
इस तरह ग्राम कोसमंदा के किसान विजय राजपूत ने बताया कि 5 एकड़ में खेती करते है। पहले 75 क्विंटल धान बेचते थे लेकिन अब 100 क्विंटल धान बेचेंगे। श्री विजय ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल का यह फैसला किसानों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। किसानों में भारी उत्साह है। इस तरह ग्राम खरहट्टा के श्री अर्जुन चंद्राकर, ग्राम समनापुर के श्री विष्णु पटेल, ग्राम नेवारी के श्री केदार सिंह ने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया है।

किसानों के हित में बड़ा फैसला-किसान श्री पंचराम

किसान श्री पंचराम पटेल ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए बड़ा निर्णय किया है। ग्रामीण अब किसानी की ओर अग्रसर हो रहे है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री बघेल की सरकार बनते ही कर्ज माफी कर किसानों को कर्ज की बोझ से दूर किया है। वहीं देश में सर्वाधिक समर्थन मूल्य में धान खरीदी सरकार कर रही है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। अब संवेदनशील सरकार ने किसानों के हित के लिए बड़ा फैसला लिया है और प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान का विक्रय को बढ़ाकर प्रति एकड़ 20 क्विंटल विक्रय करने की घोषणा की है। इससे किसान संपन्न होंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री बघेल और प्रदेश सरकार को इस फैसले के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया है।

किसानों के मांग पर लिया गया अहम फैसला

राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ किसान हैं। सम्पूर्ण विश्व आज खाद्य संकट की अग्रसर हो रहा है। इसका मुख्य कारण है कृषि का अलाभप्रद होना। राज्य में नई सरकार बनते ही किसानों की ऋण माफी की, राजीव गांधी किसान न्याय योजना से किसानों को सशक्त बना रहे हैं। उन्हें इनपुट सब्सिडी का लाभ भी दिया जा रहा हैं। समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ धान की खरीदी 15 क्विंटल से बढ़ाकर 20 क्विंटल करने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री बघेल के भेंट-मुलाकात के दौरान किसानोंं की एक ही मांग थी, समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान की खरीदी की जाए। जिस पर अमल करते हुए घोषणा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *