परोसा गया पारंपरिक छत्तीसगढ़िया भोजन और व्यंजन
भगत राम पुसाम ने अतिथि देव भवः की परम्परा का निर्वहन करते हुए मुख्यमंत्री श्री बघेल का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया
कवर्धा, सितम्बर 2022। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान आम जनता से सीधा संवाद कर ना केवल उनकी समस्याओ का निराकरण कर रहे, बल्कि छत्तीसगढ़ियां संस्कृति, खानपान और जीवनशैली को भी प्रमोट कर रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री बघेल आज भोजन ग्रहण करने विकासखंड पंडरिया के ग्राम कुकदुर में किसान श्री भगत राम पुसाम के यहां पहुंचे। मुख्यमंत्री के घर पहुंचने पर श्री पुसाम के परिवार वालों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने पूरी आत्मीयता के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री के साथ वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर एवं विधायक श्रीमती ममता चंद्राकर ने भी भोजन किया।
मुख्यमंत्री को पारंपरिक छत्तीसगढ़िया भोजन और व्यंजन परोसा गया। कांसे की थाली में परोसे गए भोजन में चेंच भाजी, ठेठरी, खुरमी, फरा, कुदकी से बनी खीर और सिलबटे से पीसा हुआ टमाटर की चटनी का मुख्यमंत्री ने सादगी के साथ ग्रहण किया। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने पुसाम के परिवार वालों का हाल चाल पूछा और स्नेह के साथ परोसे गए स्वादिष्ट भोजन के लिए उनको धन्यवाद दिया। श्री पुसाम के घर पर मुख्यमंत्री के साथ कबीरधाम कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे व आदिवासी समाज के अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी साथ में भोजन ग्रहण किया।