सुकमा / दिसम्बर 2021/ कलेक्टर श्री विनीत नंदनवार ने छिंदगढ़ विकासखंड के धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने धान बेचने आए कृषकों से चर्चा कर धान खरीदी केंद्र में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कृषकों से सोसायटी में बारदाने की उपलब्धता, धान की गुणवत्ता, टोकन काटने की प्रक्रिया और किसानों को दी जानी वाली भुगतान की भी जानकारी ली। खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य 01 दिसम्बर से प्रारंभ हो गया है। कलेक्टर श्री विनीत नन्दनवार प्रशासनिक अमले के साथ धान खरीदी केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर जिले में धान खरीदी का जायजा ले रहे हैं। इसी तारतम्य में आज उन्होंने धान खरीदी केंद्र छिन्दगढ़, कोडरीपाल, नेतानार, पुसपाल और तोंगपाल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छिन्दगढ़ धान उपार्जन केन्द्र में धान बेचने आए कृषक टंकेश कुमार नाग और प्रमोद सिंह से चर्चा कर धान खरीदी हेतु की गई व्यवस्थाओं के संबंध में संज्ञान लिया। उन्होंने समितियों में किसानों के धान को तौलते समय तौल का पूरा ध्यान रखने और वास्तविक किसानों का ही धान खरीदने के निर्देश दिए।
धान खरीदी को लेकर की गई समुचित व्यवस्था
कृषकों ने बताया कि उन्हें धान बेचने में कोई समस्या नहीं आ रही है। बड़ी ही सरलता से उन्हें टोकन प्रदान किए जा रहे हैं और धान के तौल में भी कोई गड़बड़ी नहीं हो रही है। वे जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी के लिए किए गए इंतजामों से संतुष्ट हैं। ग्राम पंचायत रोकेल के कृषक टंकेश और पतिनाईकरास के कृषक प्रमोद सिंह ने बताया कि उन्हें धान बेचने हेतु जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं से आसानी हो रही है। कृषकों ने बताया कि विगत वर्ष टंकेश ने 46 क्विंटल तथा प्रमोद ने 120 क्विंटल धान उपार्जन केन्द्र में विक्रय किया, जिसकी राशि उन्हें प्राप्त हो गई है। राज्य शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से जिले के कृषकों में उत्साह है। इसके लिए उन्होंने शासन प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
श्री नंदनवार ने सोसायटी प्रबंधकों को छोटे और मंझोले किसानों का प्राथमिकता से टोकन काटकर धान खरीदी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही खरीदी केंद्रों में किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो इसका ध्यान रखने की हिदायत दी।