छत्तीसगढ़

किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू

मुंगेली, 17 मार्च 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में मदद मिलेगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहू ने बताया कि अभियान की शुरुआत जिला चिकित्सालय स्थित 100 बिस्तर मातृ एवं शिशु अस्पताल में 14 वर्षीय किशोरी कुमारी प्रीति साहू को एचपीवी वैक्सीन लगाकर की गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह टीकाकरण अभियान जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में संचालित किया जा रहा है। 100 बिस्तर मातृ एवं शिशु अस्पताल मुंगेली के प्रथम तल पर प्रतिदिन सुबह 9.30 बजे से दोपहर 02 बजे तक, सोमवार से शनिवार तक टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ. गिरिश कुर्रे ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन किशोरियों में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए प्रभावी है। उन्होंने कहा कि टीकाकरण के अंतर्गत जिले की उन किशोरियों को शामिल किया जा रहा है जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, लेकिन 15 वर्ष पूर्ण नहीं किया है। आयु के सत्यापन के लिए जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड या स्कूल का पहचान पत्र मान्य होगा। पहचान पत्र उपलब्ध न होने की स्थिति में माता-पिता द्वारा हस्ताक्षरित घोषणा पत्र भी स्वीकार किया जाएगा। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. कमलेश कुमार ने बताया कि एचपीवी वायरस महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है, जिसे समय पर टीकाकरण के माध्यम से काफी हद तक रोका जा सकता है। बालिकाओं को इस गंभीर बीमारी से बचाने के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में टीका अवश्य लगवाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *