छत्तीसगढ़

सड़क दुर्घटना पीड़ितों को 1.50 लाख रुपए तक का मिलेगा कैशलेस उपचार

मुंगेली, 13 मार्च 2026/sns/- जिले में सड़क दुर्घटना में घायल होने वाले लोगों को अब तत्काल और कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पीड़ितों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल पीड़ितों को “गोल्डन ऑवर” यानी दुर्घटना के तुरंत बाद के महत्वपूर्ण समय में बिना किसी देरी के अस्पतालों में भर्ती कर अधिकतम 07 दिनों तक प्रति व्यक्ति 1.50 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है। अक्सर दुर्घटना के बाद शुरुआती समय में इलाज मिलने से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है, इसलिए इस योजना में गोल्डन ऑवर में त्वरित उपचार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले के अस्पतालों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।
योजना के अंतर्गत जिले के जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोरमी, पथरिया, सरगांव तथा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंगेली, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेतगंगा, पंडरभट्ठा, जरहागॉव, बरेला, घोरपुरा, दशरंगपुर, नवागांव चीनू, पालचुवा, कंतेली, पदमपुर, भठलीकला, साल्हेघोरा, खुड़िया, सेमरसल, खपरीकला, खैरवार खुर्द, चंदली, लालपुरथाना, देवरहट, राम्हेपुर एन., बरमपुर, अमोरा, भटगांव, सिलदहा, खम्हरिया, रामबोड़, जगताकापा, बेलखुरी को शामिल किया गया है। इसी तरह क्रिश्चियन हास्पिटल मुंगेली, सिद्धार्थ हास्पिटल मुंगेली, अवध लाइफ केयर, ए वन हास्पिटल, लाइफ लाइन हास्पिटल, पारख मल्टिस्पेशिलिटी और यशोदा हास्पिटल मुंगेली सहित कई स्वास्थ्य संस्थानों को शामिल किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *