छत्तीसगढ़

इंजीनियरिंग कॉलेज डिगमा में नवाचार, स्टार्टअप एवं उद्यमिता संस्कृति पर जागरूकता शिविर आयोजित


अम्बिकापुर, 27 फरवरी 2026/sns/- शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज डिगमा, अम्बिकापुर में गुरुवार को जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा नवाचार, स्टार्टअप एवं उद्यमिता संस्कृति जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वरोजगार, नवाचार एवं स्टार्टअप के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों से अवगत कराना था।
शिविर में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र सरगुजा के अधिकारियों द्वारा विभाग संचालित छत्तीसगढ़ इनोवेशन एवं स्टार्टअप प्रमोशन पॉलिसी 2025-30 तथा औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के प्रावधानों के अंतर्गत स्टार्टअप पंजीयन प्रक्रिया, वित्तीय अनुदान, कर छूट, प्रोत्साहन एवं अन्य रियायतों संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर उद्यमिता एवं नवाचार के क्षेत्र में संभावनाओं को समझा। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को स्थानीय संसाधनों पर आधारित स्टार्टअप स्थापित करने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
जागरूकता शिविर में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के प्रबंधक श्री अश्विनी शुक्ला, सहायक प्रबंधक श्री संदीप पन्ना, कॉलेज के सहायक प्राध्यापक डॉ. रॉबिन थॉमस, श्री निर्विकार गौतम, स्टार्टअप सेल प्रभारी श्रीमती पूजा पात्रे, श्री पियूष राय एवं प्राचार्य डॉ. आर.एन. खरे सहित अन्य प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
यह शिविर विद्यार्थियों में उद्यमिता की भावना विकसित करने एवं राज्य शासन की उद्योगोन्मुखी नीतियों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *