छत्तीसगढ़

नीलावरम के ग्रामीणों को जल्द मिलेगी पानी की समस्या से राहत, बरसात से पूर्व गांव तक पहुंचेगा पानी

सुकमा, 27 फरवरी 2026/sns/-जिले के विकासखंड सुकमा अंतर्गत ग्राम पंचायत नीलावरम में पानी समस्या के स्थायी समाधान हेतु स्थापित नीलावरम हाइड्रो पावर बेस्ड पंपिंग योजना का निरीक्षण कलेक्टर अमित कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने योजना की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया तथा आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए, ताकि आगामी वर्षा ऋतु से पूर्व ग्रामीणों को नियमित रूप से पानी उपलब्ध कराया जा सके।यह योजना पूर्ण रूप से संचालित होने पर ग्राम पंचायत नीलावरम के ग्रामीणों को वर्षभर पानी की उपलब्ध होगी तथा उनकी लंबे समय से चली आ रही जल समस्या का समाधान सुनिश्चित हो सकेगा।।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कुमार ने पेनस्टॉक एवं अन्य तकनीकी संरचनाओं का अवलोकन करते हुए जल आपूर्ति प्रणाली को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु आवश्यक सुधार एवं रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्राम पंचायत नीलावरम के ग्रामीणों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा इसके पूर्ण रूप से चालू होने से पानी संकट से राहत मिलेगी।
इस अवसर पर कलेक्टर ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना की सफलता में स्थानीय जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक होती है और ग्रामीणों के सहयोग से इस योजना का बेहतर संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।
इस दौरान उपस्थित साइंटिस्ट डॉ. पुनीत ने नीलावरम हाइड्रो पावर बेस्ड पंपिंग प्रणाली की कार्यप्रणाली, तकनीकी विशेषताओं एवं इसके लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना जल स्रोत की ऊर्जा का उपयोग कर पानी को ऊंचाई तक पहुंचाने में सक्षम है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में भी जल आपूर्ति संभव हो सकेगी।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता श्री शांतनु विश्वास, जल संसाधन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी,  पीपीआईएफेलो सुश्री अर्कजा कुठियाला सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *