मुंगेली, 27 फरवरी 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने विकासखण्ड मुंगेली स्थित गुरूकुल विद्या मंदिर टेमरी में आधार पंजीयन एवं बायोमैट्रिक अपडेट कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने पंजीयन प्रक्रिया, तकनीकी व्यवस्थाओं तथा विद्यार्थियों की उपस्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य को शीघ्र, सुव्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि आधार अपडेट होने से विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति सहित अन्य सुविधाओं का लाभ समय पर प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि अद्यतन आधार से दस्तावेजों को डिजिलॉकर में सुरक्षित रखना भी आसान हो जाता है। उन्होंने विद्यालय स्तर पर शत-प्रतिशत आधार पंजीयन एवं बायोमेट्रिक अपडेट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है जिले के चिन्हांकित स्कूलों में ‘मोर आधार मोर पहचान’ अभियान के अंतर्गत 05 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए बायोमेट्रिक अद्यतन एवं नए आधार पंजीयन हेतु विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से शासकीय एवं निजी विद्यालयों में अध्ययनरत ऐसे बच्चों, जिनका आधार कार्ड अभी तक नहीं बना है या जिनका बायोमेट्रिक अपडेट लंबित है, उनका विद्यालय परिसर में ही पंजीयन कर आधार कार्ड तैयार किया जा रहा है। इससे अभिभावकों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं और समय की बचत हो रही है। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
ईडीएम चिप्स की जिला प्रबंधक श्रीमती सोनम तिवारी ने बताया कि अब तक 11 हजार 50 से अधिक बच्चों के बायोमेट्रिक अपडेट एवं नए आधार पंजीयन किए जा चुके हैं। जिले में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति के प्रयास किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन की इस पहल से विद्यार्थियों को शासकीय योजनाओं का लाभ सुगमता से मिल सकेगा तथा आधार सेचुरेशन की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति सुनिश्चित होगी।

