मुंगेली, 26 फरवरी 2026/sns/- राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के महिलाओं के लिए रोजगार एवं आजीविका का सशक्त आधार बन रहा है। योजना से जुड़कर महिलाएं न केवल सक्षम बन रही है, बल्कि अपनी आर्थिक स्थिति में सुधार ला रही है। इसी कड़ी में ग्राम चकरभाठा की उजाला स्व सहायता समूह की सदस्य सुनीता शर्मा रोजगार अपनाकर प्रतिमाह 50 हजार से 70 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं। उन्होंने बताया कि वे एक साधारण गृहिणी थीं, उनकी परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर थी और घर का खर्च दैनिक मजदूरी से चलता था। सीमित आय के कारण बच्चों की पढ़ाई और घर की आवश्यकताओं को पूरा करना भी कठिन हो रहा था। परिस्थितियों से हार मानने के बजाय उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़कर अपने जीवन में बदलाव लाने का निर्णय लिया।
समूह के माध्यम से उन्हें बचत, ऋण सुविधा और छोटे व्यवसाय के संचालन की जानकारी मिली। उन्होंने प्रारंभ में 20 हजार रुपये का ऋण लेकर घर से ही रेडीमेड कपड़ों का छोटा व्यवसाय शुरू किया। फिर दुकान को बढ़ाने के लिए 50 हजार रूपए का और ऋण लिया। सुनीता कड़ी मेहनत और लगन के साथ काम करते हुए आज वे अपनी दुकान से बेहतर आमदनी अर्जित कर रही है और पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने परिवार का भरण पोषण कर रही है। साथ ही वे अन्य महिलाओं को भी रोजगार उपलब्ध करा रही है।


