छत्तीसगढ़

पीएम सूर्यघर योजना की समीक्षा बैठक सम्पन्न

मुंगेली, 24 फरवरी 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने कलेक्ट्रेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की समीक्षा बैठक ली। बैठक में पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति, आवेदन की स्थिति तथा विद्युत व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जनपदवार समीक्षा करते हुए सभी जनपद सीईओ को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों से आवेदन भरवाए जाएं तथा उन्हें योजना का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया जाए। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के लिए नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान अवैध विद्युत हुकिंग के संबंध में भी ब्लॉकवार जानकारी ली गई। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी एसडीएम, जनपद सीईओ एवं विद्युत विभाग संयुक्त रूप से अवैध हुकिंग पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाएं। उन्होंने कहा कि चिन्हित क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण किया जाए तथा हुकिंग करते पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। एसएसपी श्री भोजराम पटेल ने कहा कि अवैध विद्युत हुकिंग कानूनन अपराध है और इससे जन-धन दोनों को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। एसएसपी ने निर्देश दिए कि अवैध हुकिंग के मामलों में त्वरित विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा दोबारा ऐसी गतिविधि न हो, इसके लिए प्रभावी निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विद्युत अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जाएगी। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडे तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पांडे, एसडीएम मुंगेली श्री अजय शतरंज, एसडीएम लोरमी श्री अजीत पुजारी, एसडीएम पथरिया श्रीमती रेखा चंद्रा, समस्त जनपद सीईओ, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री नंदराम भगत, समस्त बैंकों के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *